वैशाली, सूर्या नगर और वसुंधरा में जल संकट, 200 से अधिक परिवार प्रभावित

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को कहीं दूषित पानी आया तो कहीं कम प्रेशर से जलापूर्ति हुई। बिन पानी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

लोगों ने जलकल विभाग में शिकायत की तो वहां से जलापूर्ति सामान्य बता दी। जबकि लोग दिनभर बिन पानी के परेशान रहे। लोगों का कहना है कि आए दिन पानी की समस्या रहती है, लेकिन इसका स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा।

वैशाली सेक्टर तीन-एफ में दूषित पानी की आपूर्ति हुई। लोगों ने बताया कि सुबह जलापूर्ति शुरू होने पर जैसे ही नल खोली दुर्गंध आनी शुरू हो गई। पानी बाल्टी में भरकर देखा तो दूषित था।

200 से अधिक परिवार परेशान

उसमें सीवर का पानी मिलकर आ रहा था। इससे यहां के करीब 200 से अधिक परिवारों को परेशान हुई। डेल्टा कालोनी के सूर्या नगर में भी दूषित पानी की आपूर्ति हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लाइन एक जगह पर क्षतिग्रस्त हो रही है। इस कारण उसमें गंदा पानी मिलकर आ रहा है।

जलकल विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की है उन्होंने जल्द मेंटेनेंस कराने का आश्वासन दिया है। वसुंधरा सेक्टर-पांच और सात में बहुत ही कम प्रेशर से पानी की आपूर्ति हुई।

स्थानीय निवासी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि महज 20 से 30 मिनट ही पानी आया। वह भी बहुत कम प्रेशर से था। जबकि रोजाना एक घंटे तक आता था। मोटर चलाई लेकिन टंकी नहीं भर सकी।

ज्यादातर क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य है। लोकल फाल्ट के कारण समस्या हुई होगी। जिन इलाकों में समस्या है वहां निरीक्षण कराकर समाधान किया जाएगा।
-केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग।

Share This Article
Leave a Comment