गाजियाबाद। लखनऊ में आग लगने की घटना के बाद अब उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को लेकर सख्ती कर दी है।
प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक इकाइयों के बेसमेंट का विशेष सर्वे कराने की योजना बनाई है। बेसमेंट का उपयोग नियमानुसार न करने पर नोटिस के बाद भूखंड़ों का आवंटन निरस्त किया जाएगा।
यूपीसीडा क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप सत्यार्थी ने बताया कि बेसमेंट का प्रयोग केवल गोदाम के रूप में किया जा सकता है। यदि किसी इकाई में बेसमेंट में मशीनों के माध्यम से उत्पादन या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाई गईं तो संबंधित इकाई के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अनदेखी पर जारी किया जाएगा नोटिस
इसके लिए प्राधिकरण की ओर से औद्योगिक क्षेत्रों में 15 दिन विशेष सर्वे अभियान चलाने की तैयारी है। नियमों की अनदेखी करने वाली इकाइयों को नोटिस जारी किया जाएगा।
नोटिस के बाद भी गतिविधियां बंद नहीं होने पर सख्त कदम उठाते हुए भूखंड का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। उन्होंने बताया कि विशेष सर्वे कविनगर, बुलंदशहर रोड, साहिबाबाद, ट्रोनिका सिटी, मोदीनगर सहित यूपीसीडा के 12 औद्योगिक क्षेत्रों में की जाएगी।

