नोएडा। ई सिटी बस बेड़े को बढ़ाने में प्राधिकरण कारपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) का सहयोग लेगा। इसके तहत टाटा कंपनी शहर में पांच ई बस और 10 ई चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी। इसका संचालन प्राधिकरण की ओर से किया जाएगा।
विद्युत यांत्रिक विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ इस संबंध में आधिकारिक बातचीत हो चुकी है। चार्जिंग स्टेशन सभी चार पहिया वाहनों और बसों के लिए चार्जिंग की सुविधा प्रदान करेंगे।
ये स्टेशन बोटेनिकल गार्डन, सेक्टर-62 माडल टाउन, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा स्टेडियम और अन्य प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे। इन चार्जिंग स्टेशनों का उद्देश्य आम लोगों को अपने वाहनों को सुविधाजनक तरीके से चार्ज करने की सुविधा प्रदान करना है।

