
खोड़ा। थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने गली में एक के बाद एक तीन बाइक और दो ठेलियों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक को गंभीर चोट आने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष पार्क निवासी एक व्यक्ति अपनी कार लेकर गली नंबर तीन से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार की रफ्तार देखकर गली में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग अपने वाहन तक मौके पर ही छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। बेकाबू कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद वहां से गुजर रही दो अन्य बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर से गली में लगी दो ठेलियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में बाइक सवार सचिन और अंश घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एक युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिल गई।
—————-
खंभे से टकराकर रोकी कार
तीन बाइक और दो ठेलियों को टक्कर मारने के बाद कार आगे जाकर एक बिजली के खंभे से टकरा गई। खंभे से टकराने के बाद कार रुक गई। इसके बाद चालक कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
