शादी में खर्च किए 25 लाख, कार और नगदी… फिर भी नोएडा में फ्लैट और 15 लाख की मांग, पीड़िता ने दर्ज कराई FIR

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। एक महिला ने अपने पति और ससुराल के छह अन्य सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। साहिबाबाद थाने में दहेज प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लाजपत नगर साहिबाबाद निवासी दीक्षा का विवाह 17 फरवरी 2018 को यतीश कुमार शर्मा निवासी सवाई माधोपुरा राजस्थान से हुआ था। उनके पिता ने विवाह में लगभग 20-25 लाख रुपये खर्च किए थे और सगाई में 1.11 लाख रुपये नकद और कार दी थी। विवाह के तुरंत बाद ससुराल वालों ने महंगी कार और पांच लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। दीक्षा पर नोएडा में फ्लैट खरीदने के लिए ऋण लेने का दबाव डाला गया। वर्ष 2019 में गर्भवती होने पर लिंग जांच के लिए दबाव बनाया गया और मना करने पर मारपीट का आरोप है। बेटी पैदा होने के बाद दुर्व्यवहार और बढ़ गया, जिसके लिए दीक्षा को दोषी ठहराया गया। सितंबर 2024 में पति ने 15 लाख रुपये मांगे और 13.5 लाख रुपये जबरन ले लिए। दिसंबर 2024 में बेटी को गर्म पानी देने पर पति ने बुरी तरह पीटा, जिसके बाद दीक्षा मायके आ गई। आरोप है कि 31 मार्च 2025 की रात पति ने दीक्षा के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। उसे मायके के बाहर छोड़कर चले गए, जिसके बाद दीक्षा ने मेडिकल कराया और साहिबाबाद थाने में शिकायत दी। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों से इस मामले में पूछताछ की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment