
नई दिल्ली- पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें सवार छह वर्षीय बच्ची और उसकी नानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:40 बजे जनकपुरी फायर स्टेशन के नजदीक यह दुर्घटना हुई। ई-रिक्शा में बैठी बच्ची और उसकी नानी स्कूल की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को द्वारका स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटना तेज गति और असावधानी के कारण हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
