संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, परिजनों ने हत्या कर शव जलाने का लगाया आरोप

Amit
2 Min Read

नोएडा-  संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र स्थित गांव सराय सिकंदर में एक महिला की मौत को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को जंगल में छिपाया गया और फिर चुपचाप श्मशान घाट में जला दिया गया। पुलिस ने फिलहाल ऐसी किसी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

कोतवाली चंदौसी के गांव रुस्तमगढ़ उगिया निवासी उदय भान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन विरमावती का विवाह 20 वर्ष पहले सराय सिकंदर गांव निवासी एक व्यक्ति से हुआ था। उदय भान के अनुसार, बहन का पति शराब का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।

उदय भान का आरोप है कि बुधवार शाम को जब विरमावती अपने मायके से ससुराल लौटी, तो उसके पति व दो अन्य लोगों ने उसे जंगल में ले जाकर गंभीर रूप से पीटा और कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, उन्होंने परिजनों को सूचना दिए बिना देर रात शव को श्मशान घाट ले जाकर डीजल डालकर जला दिया।

वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश

इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें श्मशान घाट धर्मशाला में जलती चिता दिखाई दे रही है और एक युवक रोते हुए नजर आता है। बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद लोग भाग गए।

पुलिस का पक्ष

थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि फिलहाल उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत औपचारिक रूप से प्राप्त नहीं हुई है। यदि परिजनों द्वारा तहरीर दी जाती है, तो मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment