दिल्ली समेत देशभर में आतंकी साजिश नाकाम, आईएसआईएस मॉड्यूल के तीन संदिग्ध गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली-  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड एटीएस और रांची पुलिस के साथ एक संयुक्त कार्रवाई में इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के तहत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अशर दानिश, आफताब और सूफियान शामिल हैं। इन पर देशभर में आईईडी विस्फोट की साजिश रचने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, हथियार, विस्फोटक रसायन और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। साथ ही आठ से अधिक संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी अशर दानिश को रांची के लोअर बाजार स्थित एक लॉज से पकड़ा गया, जबकि आफताब को दिल्ली से दबोचा गया, जो मूल रूप से मुंबई का निवासी है। वहीं, सूफियान को झारखंड से गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि ये सभी संदिग्ध आईएसआईएस से प्रेरित एक नेटवर्क का हिस्सा थे और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अशर दानिश काफी समय से खुफिया एजेंसियों के रडार पर था।

दिल्ली पुलिस का यह ऑपरेशन करीब एक दर्जन स्थानों पर एक साथ चलाया गया। रांची के जिस लॉज से अशर को पकड़ा गया, वहां से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री मिली है, जिसमें विस्फोटक उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आफताब के बारे में बताया गया है कि वह दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की योजना में शामिल था। पुलिस ने उसके पास से कई डिजिटल डिवाइस और संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

झारखंड पुलिस के अभियान महानिरीक्षक माइकल राज एस ने पुष्टि की कि दिल्ली और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।

दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि अभी ऑपरेशन जारी है और पूरे नेटवर्क की गहराई, कनेक्शन और संभावित लक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment