नई दिल्ली – दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड एटीएस और रांची पुलिस के सहयोग से एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए रांची के इस्लामनगर इलाके से आईएसआईएस से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी अजहर दानिश को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस मुकदमे के आधार पर की गई है, जो दिल्ली में दर्ज किया गया था और जिसमें दानिश वांछित चल रहा था।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, इस मामले में देशभर में चलाए जा रहे एक समन्वित ऑपरेशन के तहत अब तक 12 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई है, और करीब आठ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस अभियान के दौरान दिल्ली से एक अन्य संदिग्ध आतंकी आफताब को भी गिरफ्तार किया गया है। आफताब मूल रूप से मुंबई का निवासी है और उसे इस आतंकी मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि ये सभी संदिग्ध देश में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद से अजहर दानिश से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि वह आतंकी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा से प्रभावित होकर नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संपर्क में था और देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश का हिस्सा बना हुआ था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों की यह संयुक्त कार्रवाई अभी भी जारी है, और कई अन्य स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही इस नेटवर्क की पूरी जानकारी सामने लाई जाएगी।
