अतीक अहमद के शार्प शूटर्स पर शामत, ससुराल में सर्च ऑपरेशन, UP पुलिस को मिला हथियारों का जखीरा

Rohit Kumar
4 Min Read

माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि व उसके परिवार के अन्य वांछित सदस्यों को शरण देने वालों की मुश्किलें बढ़ती जा रहीं हैं। शनिवार को एसपी बृजेश श्रीवास्तव की अगुवाई में कई थानों की फोर्स ने अब्दुल कवि की ससुराल कटैया में सघन तलाशी अभियान चलाया। शरण देने वाले पांच करीबी रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके पास से आठ लाइसेंसी असलहे व पांच तमंचे बरामद किए। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस व खोखे मिले। माना जा रहा है कि अब्दुल कवि गांव में दहशत फैलाने के लिए फायर करवाता था ताकि कोई पुलिस से उसकी मुखबिरी नहीं कर सके।

एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी समर बहादुर शनिवार दोपहर बाद कई थानों की फोर्स के साथ कटैया गांव पहुंचे। कटैया में शूटर अब्दुल कवि की ससुराल है। पुलिस ने कटैया सहित उससे जुड़े मजरों में भी सघन तलाशी ली। खास बात यह रही कि पुलिस ने पहले से ही चिन्हित कर लिया था यहां कितने लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस है। तलाशी के दौरान तीन लाइसेंसी दोनाली बंदूक, तीन रायफल, दो सिंगल बैरल बंदूक बरामद हुईं। इसके अलावा 315 बोर के चार व 12 बोर का एक तमंचा बरामद हुए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रशासन घर के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी कर सकता है। हालांकि इस बाबत अफसरों ने कुछ बोलने से साफ इन्कार किया है।

इतना ही नहीं 315 बोर के 54 कारतूस व 12 बोर के 19 कारतूस बरामद हुए। हैरानी की बात यह रही कि जिन घरों से असलहे बरामद हुए वहां से 12 बोर के 65 खोखे बरामद हुए। पुलिस ने अब्दुल कवि के ससुर मो. आवेश, कवि के जीजा का भाई बेरुई निवासी मो. इरफान, कवि की बहन शमशुल निशा पत्नी लियाकत निवासी बेरुई, कवि की बहन तबस्सुम, जीजा लियाकत अली निवासी बेरुई को गिरफ्तार किया।

शुक्रवार को भी एएसपी समर बहादुर के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स ने अब्दुल कवि के गांव भखंदा में सघन तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान भखंदा के निजामउद्दीन, शाहिद उर्फ राजू, मो. असलम, कटैया के अजमल व बेरुई के बिलाल को गिरफ्तार किया गया था। इन लोगों के पास से भी तीन सिंगल बैरल बंदूक, तीन दोनाली बंदूक, दो रायफल व एक तमंचा बरामद हुआ था। इसके अलावा 93 कारतूस बरामद हुए थे।

शूटर अब्दुल कवि और उसके परिवार के सदस्य वांछित हैं। पता चला कि इलाके के लोग उसे व उसके आरोपी भाई वली को शरण देते हैं। इस पर कवि की ससुराल कटैया व आसपास के मजरों में तलाशी अभियान चलाया गया। पांच लोग पकड़े गए हैं। उनके पास से आठ लाइसेंसी व पांच नाजायज असलहे बरामद हुए हैं। इनको शरण देने वालों को चिन्हित कर आगे भी कार्रवाई की जाती रहेगी। – बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी

जमींदोज किया जा सकता है शूटर के ससुर का घर

शनिवार को कटैया स्थित शूटर अब्दुल कवि की ससुराल में जब पुलिस तलाशी अभियान चला रही थी तभी वह राजस्व विभाग की टीम भी पहुंची। टीम ने शूटर के ससुर मो. आवेश के घर की नापजोख की। चर्चा रही कि भवन के निर्माण में ग्राम समाज की कुछ भूमि भी है।

Share This Article
Leave a Comment