गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसायटी में रविवार देर शाम महिला मनोचिकित्सक डॉ. हेमिका अग्रवाल ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी पर रखवा दिया है।
सबको देती थी खुश रहने के टिप्स
सोसायटी के लोगों ने बताया कि डॉ. हेमिका बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव की थीं। वह अक्सर लोगों को सकारात्मक और खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित करती थीं।
कई बार सोसायटी के निवासी मानसिक परेशानियों को लेकर उनसे सलाह लेने पहुंचते थे। वह उनसे किसी प्रकार का परामर्श शुल्क भी नहीं लेती थीं। उनके निधन से सोसायटी के लोग स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि वह संवेदनशील एवं मददगार चिकित्सक थी।
डेढ़ साल पहले हुआ था पति से तलाक
पति से तलाक के बाद डॉ. हेमिका ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी के एफ टावर की पांचवीं पर फ्लैट में अकेली रहती थीं। वह निजी अस्पतालों में विजिट कर मरीजों का उपचार करती थीं। उनके पिता डॉ. आर चंद्रा वरिष्ठ मनोचिकित्सक हैं। गाजियाबाद बस अड्डे के पास उनका क्लिनिक है।

