इंदिरापुरम में अतिक्रमण का जाल, फुटपाथ घिरे और सड़कों पर बढ़ा जाम

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। इंदिरापुरम में फुटपाथ से लेकर सड़क तक अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। इससे क्षेत्र में जाम की समस्या भी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि तमाम बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की जाती है। फुटपाथ घिरे रहने से लोगों को सड़क पर चलने का जोखिम उठाना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पूरा क्षेत्र के में अतिक्रमण से जूझ रहा है। फुटपाथों पर दुकानें, ठेले लगे हुए हैं। सड़क किनारे मोटर वर्कशॉप व कबाड़ की दुकानों से अतिक्रमण है। अवैध गतिविधियां संचालित होने से असामाजिक तत्व सक्रिय हैं।

महिलाओं को सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है। यहां के लोग नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम समेत विभिन्न शहरों के लिए नौकरी पर जाते हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती जाम की होती है। लोगों को घंटों पहले घर से निकलता पड़ता है।

इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक, शक्तिखंड- तीन, नीतिखंड- एक, अभयखंड-एक, अभयखंड- चार, ज्ञानखंड- एक, ज्ञानखंड- दो, ज्ञानखंड- तीन, ज्ञानखंड- चार व अन्य क्षेत्रों में लोग अतिक्रमण से परेशान हैं।

न्यायखंड एक में अतिक्रमण लोग परेशान

एनएच नौ से न्यायखंड- एक में प्रवेश करते ही महर्षि दयानंद चौक के पास ठेली-पटरी वालों ने जगह घेर रखी है। सुपरटेक ऑइकन सोसायटी के पास कार रिपेयरिंग, वाशिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनके वाहन सड़क पर खड़े होते हैं। वाहन खड़ा कर साफ-सफाई करते हैं। इससे सुबह शाम जाम की स्थिति बनती है।

न्यायखंड- एक में पांच सोसायटी सुपरटेक ऑइकन, पत्रकार विहार, वीथ्रीएस इंद्रलोक, गौर ग्रीन विस्टा और जनता फ्लैट्स मौजूद है, वहां के करीब 20 हजार इससे परेशानी उठा रहे हैं।

इतना ही नहीं करीब 200 मीटर के दायरे में तीन साप्ताहिक बाजार लगते हैं और दो किलोमीटर के अंदर पांच साप्ताहिक बाजार लगते है। नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। शिकायत वाले क्षेत्रों में फिर टीम को भेजा जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment