गाजियाबाद। कावड़ यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए निगम की तैयारी पूरी हो गई। निर्माण विभाग ने निर्धारित कावड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी है। इसमें मुख्य मार्ग से कनेक्टिंग गलियों के बाहर भी बांस और बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से कांवड़ के मुख्य मार्ग पर आने वाले नालों के बाहर भी बैरिकेडिंग की गई है, सावन के पहले सोमवार को ध्यान में रखते हुए दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के बाहर भी विशेष रूप से बैरिकेडिंग कराई गई है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया नगर निगम द्वारा कावड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। निर्माण विभाग द्वारा लगभग 20 किलोमीटर तक निर्धारित रूट पर बैरिकेडिंग की गई है।
मेरठ रोड कंट्रोल रूम से कावड़ यात्रा पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के 129 कैमरे जो कावड़ रूट पर हैं इनके अलावा 205 अतिरिक्त कैमरे कावड़ रूट पर लगाए गए हैं।
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि निगम सीमा में आने वाले मार्ग जो कावड़ रूट में हैं, उनकाे पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त किया गया है। इसके अलावा ऐसी सड़कें जो पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग के अंतर्गत आती हैं। विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए उन पर भी कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

