ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा कॉम्बिंग ऑपरेशन में दबोच लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान बिहार के लखीसराय निवासी विशाल उर्फ मोनू महतो के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी के दौरान पकड़ा, बागपत निवासी तनिष्क बताया गया है।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक ढेर
घटना पीपल वाला चौराहा के पास उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम रुटीन चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो संदिग्ध युवकों को आते देखा गया।
पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किए जाने पर दोनों बाइक मोड़कर ढकिया बाबा गोलचक्कर की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में विशाल उर्फ मोनू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह गिर पड़ा।
दूसरे बदमाश तनिष्क को पुलिस ने थोड़ी देर बाद पकड़ लिया।
तमंचा, बाइक और मोबाइल बरामद, चोरी और स्नैचिंग में इस्तेमाल होते थे
पुलिस ने मौके से दो देसी तमंचे, दो कारतूस, एक चोरी की बाइक (फर्जी नंबर प्लेट सहित) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल स्नैचिंग की वारदातों में किया गया था।
घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
17 आपराधिक मुकदमों में नामजद है विशाल उर्फ मोनू
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि विशाल उर्फ मोनू महतो पर चोरी, लूट, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोपों में 2017 से लेकर 2025 तक कुल 17 मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ बीटा-2, दनकौर, फेस-2, सेक्टर-49 और रबूपुरा थानों में केस दर्ज हैं।
पुलिस लंबे समय से विशाल और उसके गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। अब उसके अन्य साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।
