NEET परीक्षा विवाद पर फिर सड़क पर उतरेंगे प्रदर्शनकारी, 5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। परीक्षा में कथित अनियमितताओं और नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर चुके काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने पांच सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च निकालने का एलान किया है।

संगठन ने केंद्र सरकार पर 25 जुलाई को आंदोलन समाप्त कराने के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। शिक्षक दिवस के दिन होने वाला मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा।

सीजेपी ने जारी एक बयान में कहा कि मार्च का नेतृत्व उन छात्रों के स्वजन करेंगे, जिनकी नीट परीक्षा रद होने और दोबारा परीक्षा कराने के बाद आत्महत्या से मौत हुई। जुलाई के आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोग भी इसमें शामिल होंगे।

क्या थी मांगे?

संगठन ने बताया कि 25 जुलाई को केंद्र के साथ बातचीत के बाद 36 दिन चला आंदोलन वापस लिया गया था। उस समय प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने, मृत नीट अभ्यर्थियों के स्वजन को मुआवजा देने और परीक्षा सुधारों पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी थी।

सीजेपी का आरोप है कि सरकार ने अब तक प्राथमिकी वापस लेने और प्रदर्शनकारियों को दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने के मामले में ठोस कदम नहीं उठाए हैं। संगठन ने कहा कि सरकार तकनीकी अड़चनों का हवाला देकर कार्रवाई टाल रही है और लिखित आश्वासन भी लंबित है।

Share This Article
Leave a Comment