छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी, पार्क में युवक की चाकू मारकर हत्या; महिला गंभीर घायल

News Desk
4 Min Read

बाहरी दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भारत नगर थाना क्षेत्र स्थित अशोक विहार के खिम्मन सिंह पार्क में छेड़खानी का विरोध करने पर बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक और एक विवाहित महिला पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में 30 वर्षीय सुनील की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 26 वर्षीय देवकी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दावा किया कि एक नाबालिग आरोपित को धर दबोचा गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अन्य आरोपितों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:33 बजे पार्क में चाकूबाजी की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां देवकी (26), पत्नी पवन, निवासी जहांगीरपुरी तथा सुनील (30), निवासी मैनपुरी, एटा (उत्तर प्रदेश) घायल अवस्था में मिले। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवकी का इलाज जारी है।

पुलिस को दिए बयान में देवकी ने बताया कि वह सुनील के साथ पार्क में मौजूद थीं। इसी दौरान 3-4 अज्ञात युवक उनके पास आए। मौके पर पहुंचे युवकाें ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इसका सुनील ने विरोध किया। जिसके बाद कहासुनी हुई, तभी एक आरोपित ने चाकू निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में छेड़खानी का विरोध करने पर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है लेकिन पुलिस टीमे रंजिश, प्रेम प्रसंग समेत अन्य कोणों से भी हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है। घटना के कारणों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

मौके पर पहुुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, आरोपितों की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इनमें पुलिस उपायुक्त से लेकर जिले के अन्य अधिकारी शामिल है। इसके अलावा क्राइम व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान हो गई है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। उनके अनुसार भारत नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पार्क में हुई घटना से इलाके के लोग भयभीत

दिनदहाड़े पार्क में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। एक स्थानीय निवासी लक्की धवन ने बताया कि पार्क में इस तरह की वारदात होने से यहां के लोग डरे हुए है। दिन में ही जब अपराधी इस तरह के वारदात को अंजाम दे रहे है तब शाम होने पर तो और दिक्कत होगी। एक अन्य ने बताया कि यहां पर पुलिस गश्त नियमित होती तब शायद इस तरह की वारदात नहीं होती।

Share This Article
Leave a Comment