
कनावनी। गांव कनावनी के किसानों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा धरना आज लगातार 32वें दिन भी जारी रहा। किसान अपनी जमीन और राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम बहाल किए जाने की मांग को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
कनावनी के किसानों का आरोप है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा इंद्रापुरम विस्तार योजना के फेज-1 को लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है, जबकि किसानों की जमीन अभी तक प्राधिकरण द्वारा विधिवत रूप से अधिग्रहित नहीं की गई है। किसानों का कहना है कि जमीन लिए बिना ही उस पर प्राधिकरण द्वारा लेआउट तैयार कर योजना को आगे बढ़ाना कानून गलत है।
किसानों का आरोप है कि यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है। किसानों ने कहा कि जब तक भूमि के संबंध में कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक किसानों की जमीन पर योजना का लेआउट तैयार कर फेज-1 लॉन्च करने की प्रक्रिया नहीं की जानी चाहिए।
किसान परवीन नागर और श्रीचंद नागर ने कहा कि किसानों की जमीन किसानों के पास है और किसान अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों का समाधान होने और राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम बहाल किए जाने तक धरना जारी रहेगा।
आज धरना स्थल पर सुखवीर नागर, महेंद्र नागर, कबूल सिंह, सतीश नागर, लायक राम, प्रवीण नागर,अशोक कसाना,अमित कसाना, विनीत, तिरखा, अरुण नागर, पिंटू नागर आदि किसान मौजूद रहे।
