गाजियाबाद। कविनगर निवासी लोहा कारोबारी के बेटे को पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर एक बदमाश ने डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन ठग ली। युवक ने पहले कारोबारी के बेटे पर अपनी बहन को टक्कर मारने का आरोप लगाया, फिर खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए डराया।
मारपीट का डर दिखाकर उतरवाई सोने की चेन
मारपीट की धमकी देकर उसने सोने की चेन उतरवा ली और मौका मिलते ही कार से चेन लेकर फरार हो गया। सिहानी गेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
कविनगर के आइ ब्लॉक निवासी लोहा कारोबारी रोहित अग्रवाल के बेटे 21 वर्षीय यर्थाथ अग्रवाल ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे वह लोहा मंडी स्थित कार्यालय से जीटी रोड पर स्थित बिंदल शोरूम में कपड़े खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद जैसे ही वह कार में बैठे, तभी एक युवक आया और बोला कि तुमने मेरी बहन को टक्कर मार दी है। वह मरहम-पट्टी कराने गई है।
उसने खुद को गुर्जर और पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उसकी बहन पहचान करेगी, उसके बाद ही जाने दिया जाएगा। यर्थाथ के अनुसार युवक उनकी कार में बैठ गया और बोला कि जिस लड़के ने उसकी बहन को टक्कर मारी थी, उसने सोने की चेन और अंगूठी पहन रखी थी।
यर्थाथ ने अंगूठी नहीं पहनी थी, लेकिन गले में सोने की चेन थी। इस पर आरोपित ने कहा कि उसके भाई चेन देखकर पीट देंगे, इसलिए चेन उतारकर कार में रख दो। डर के कारण उन्होंने चेन उतारकर कार में रख दी। इसके बाद आरोपित उन्हें राकेश मार्ग स्थित शराब के ठेके के पास ले गया। वहां कार रुकवाकर चाबी अपने पास रख ली और गली नंबर-दो में ले जाकर कहा कि उसकी बहन आ रही है, यहीं रुको।
कुछ दूर चलने के बाद युवक मौका पाकर फरार हो गया। जब यर्थाथ कार के पास पहुंचे तो चाबी सीट पर पड़ी मिली, लेकिन कार में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की सोने की चेन गायब थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपित पीड़ित के साथ आता-जाता और बाद में अकेले भागता दिखाई दिया है। उसने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।
शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपित की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
–
जियाउद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम

