
साहिबाबाद। वैशाली के अलग-अलग सेक्टर में खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। आलम यह कि कुछ जगह पर लाइटों को खराब हुए छह-छह महीने का समय हो गया है। इसकी कई बार शिकायत भी की गई लेकिन सुनवाई नहीं हो पा रही है।
सेक्टर-3 और सेक्टर-4 में निवासियों को स्ट्रीट लाइटें खराब होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि अंधेरा होने के कारण आपराधिक वारदातों का भी डर बना रहता है।
स्थानीय निवासी अभय ने बताया कि करीब छह से सात स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में बच्चे, महिलाएं घर से बाहर तक नहीं निकल सकते हैं।
लाइटों को नहीं कराया गया ठीक
जोनल कार्यालय में कई बार आरडब्ल्यूए के माध्यम से शिकायत की गई है लेकिन लाइटों को ठीक नहीं कराया गया। वैशाली के निवासियों ने वर्षा का सीजन शुरू होने से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों को बदलवाने की मांग लोगों ने की है।
वसुंधरा के जोनल प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि लोगों की शिकायत का निस्तारण कराया जा रहा है। वैशाली में कुछ जगह लाइटें बदलवा दी गई हैं। बाकी जगह भी जल्द ही लाइट लगवाने की व्यवस्था की जा रही है।
