
ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में खाताधारकों के करोड़ों रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। ग्राहकों का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना खातों से लाखों रुपये निकाल लिए गए। कुछ खाताधारकों के मुताबिक, उनकी एफडी तोड़कर रकम दूसरे अकाउंट में आरटीजीएस कर दी गई। मामले में बैंक कर्मचारियों पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि 35 करोड़ के करीब का फर्जीवाड़ा किया गया है।
ऐच्छर गांव में संचालित पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच से लगभग 35 करोड़ रुपये की संदिग्ध लेन-देन और वित्तीय गड़बड़ी का विवाद सामने आया है। आरोप है कि ग्राहकों की जमा राशि के रूप में रखी गई फिक्स्ड डिपॉजिट समय से पहले भुनाकर उसका पैसा अन्य व्यक्तियों के खातों में भेज दिया गया। इस बात का पता चलते ही ग्राहकों में भारी नाराजगी व्याप्त हो गई। मंगलवार को अचानक बड़ी संख्या में लोग बैंक परिसर पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
बैंक प्रणाली पर उठे सवाल
पीड़ित ग्राहकों ने अपनी जमा राशि की सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई है। उनकी मांग है कि पूरे मामले की ईमानदारी से जांच हो और उनका पैसा शीघ्र लौटाया जाए। आरोप है कि लोगों ने अपनी कमाई बैंक में FD करके रखी थी, लेकिन उन्हें बिना सूचित किए उनकी रकम अन्य खातों में भेज दी गई। करीब 35 करोड़ रुपये की संदिग्ध गड़बड़ी उजागर होने के बाद बैंकिंग प्रणाली और ग्राहकों की जमा राशि की सुरक्षा पर उठ रहे सवालों के बीच जांच का इंतजार है।
मेरी मां का बैंक ब्रॉन्च में खाता था और बिना अनुमति के उसमें से करीब 51 लाख रुपये निकाल लिए गए। खाता किसी मोबाइल नंबर से लिंक नहीं था, इसलिए परिवार को लेन-देन की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी।
राहुल, बैंक ग्राहक
अभी बैंक प्रबंधन का बयान नहीं आया
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि FD किस तरीके से भुनाई गई। पैसा किन खातों में गया और इस पूरे मामले में किन लोगों का संलिप्तता है। खबर लिखे जाने तक बैंक प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।
मेरे बैंक खाते से लगभग 90 लाख रुपये अचानक गायब हो गए। बैंक अधिकारियों ने रकम के गायब होने का कारण तो बताया, पर साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि पैसा वापस दिलाया जाएगा।
सोनू, ग्राहक
88 लाख से सीधे 1290 रुपये बचे खाते में
ग्राहक सोनू सागर ने दावा किया कि उनके पिता के खाते में पहले लगभग 88 लाख रुपये थे, लेकिन हालिया स्टेटमेंट में मात्र 1,290 रुपये का बैलेंस दिखाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गबन नया नहीं है, बल्कि कई सालों से चल रहा है। सागर के मुताबिक, 6 जून 2025 को उनके पिता के खाते से कई बार बड़ी रकम निकाली गई। इनमें 25 लाख, 21 लाख, 20 लाख और 5 लाख रुपये के लेन-देन शामिल हैं।
