नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सेक्टर-82 के पॉकेट-7 स्थित सेंट्रल पार्क में चल रही श्रीराम कथा के दूसरे दिन श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। कथा व्यास अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का अत्यंत रोचक और भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
कथा के दौरान बताया गया कि हिमालयराज की पुत्री पार्वती बचपन से ही भगवान शिव को पति रूप में पाने का संकल्प लेती हैं। जैसे-जैसे वह बड़ी होती हैं, उनका यह संकल्प और भी दृढ़ होता जाता है। देवताओं द्वारा भी भगवान शिव को विवाह के लिए मनाया जाता है, लेकिन शिव पहले इसके लिए तैयार नहीं होते।
इसके बाद माता पार्वती भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तपस्या करती हैं। उनकी अटूट भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान शिव अंततः विवाह के लिए सहमत हो जाते हैं। कथा में उस अद्भुत क्षण का वर्णन किया गया जब भगवान शिव भस्म रमाए, भूत-प्रेतों और गणों के साथ बारात लेकर हिमालयराज के द्वार पहुंचते हैं।
दूल्हे के इस अनोखे स्वरूप को देखकर माता मैना घबरा जाती हैं और विवाह से इंकार कर देती हैं। हालांकि, देवताओं और ऋषियों के समझाने पर उन्हें भगवान शिव की महिमा का बोध होता है और अंततः शिव-पार्वती का विवाह संपन्न होता है। इस दिव्य विवाह के दौरान देवताओं द्वारा पुष्पवर्षा की जाती है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानंद महाराज ने कहा कि भगवान शिव पर विल्वपत्र अर्पित करने से वे शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करने का आह्वान किया।
श्रीराम कथा आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी देवमणि शुक्ल ने जानकारी दी कि कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को नारद मोह की कथा के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें देवमणि शुक्ल, रवि राघव, गोरेलाल, संजय पांडे, हरि शंकर सिंह, रमेश चंद्र शर्मा, हंसमणि शुक्ल, अंगद सिंह तोमर, विष्णु शर्मा, संजय शुक्ला, रविंद्र कुमार, विश्वनाथ त्रिपाठी, गौरव, पप्पू सिंह, अनूप सिंह, विकास शर्मा, संगम प्रसाद मिश्र, सीएल तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, रंजन गिरि, विकास कुमार, प्रकाश जोशी, सर्वेश तिवारी, घनश्याम जोशी, ललित फुलेरा, राकेश कुमार शर्मा, दीपक तिवारी, अरुण गौर, प्रद्युमन श्रीवास्तव, संजीव ढाली, मुक्तेश भारद्वाज, सुभाष चंद्र शर्मा, धर्मेंद्र मिश्रा, वीसी पांडेय सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी भक्त शामिल रहे।

