ग्रेटर नोएडा। इलेक्ट्रिक कंपोनेंट को आधार देने वाला प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) के निर्माण की जटिलता को 22 मंजिला इमारत और सोगड़ा (राजस्थानी रोटी ) जैसे साधारण शब्दों में समझाकर केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जनता की वाहवाही लूट ली। उन्होंने मंच संभालते ही जेवर के लोगों में जोश भरते हुए कहा कि पता है शिलान्यास होने वाली फैक्ट्री में क्या बनेगा? लोगों को शांत देख उन्होंने हाथ में पीसीबी लहराते हुए कहा कि फैक्ट्री में इसका प्लेट का निर्माण होगा।
यह प्लेट देखने में राजस्थान की सोगड़ा से पतली रोटी और इससे भी पतली होती है, एक दूसरी प्लेट को दिखाते हुए कहा कि यह पापड़ की जितनी मोटी है, लेकिन जिस तरह एक इमारत में 22 मंजिल हो सकती है, उसकी तरह इस प्लेट में 22 परत हैं। इमारत में बिजली, पानी आदि की लाइन की तरह इस प्लेट में भी बेहद जटिल सर्किट होता है, यह प्लेट इलेक्ट्रानिक उपकरण में है। चाहे वो मोबाइल से लेकर स्पेस क्राफ्ट हो।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब यह जटिल तकनीकी का जेवर क्षेत्र में निर्माण होगा। भारत इसके आयात पर 40 हजार करोड़ खर्च करता है। जेवर सेमीकंडक्टर के बाद अब इलेक्ट्रानिक्स का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले बजट में प्रधानमंत्री ने बुलेट ट्रेन की स्वीकृति दी है। यह ट्रेन दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना होकर सिलीगुड़ी तक गंगा की तरह चलेगी। दिल्ली से लखनऊ महज 2.10 घंटे और जेवर से लखनऊ की दूरी 1.40 घंटे में तय होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ट्रांसपोर्टेशन का नक्श बदलने जा रहा है। इलेक्ट्रानिक्स की काफी चीजें प्रदेश में आने वाली हैं।
केंद्रीय पर्यावरण वनएवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने के संकल्प को धरातल पर उतार रहा है। ईको सिस्टम, पारदर्शी नीति, बुनियादी ढांचे के साथ उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रानिक्स की वैश्विक सप्लाई चेन हिस्सा बन रहा है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक्स उद्योग में महिलाओं की भागीदारी काफी है। लोगों ने कहा कि बच्चियों को पालीटेक्निक, आइटीआइ, तकनीकी शिक्षा दिलाने पर जोर दिया। अंबर ग्रुप के चेयरमैन जसवीर सिंह ने भी संबोधित किया। सेल सोलर पी 6 प्रा. लि. के सेक्टर आठ में हुए शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कंपनी के को-फाउंडर एवं डायरेक्टर सुखबीर सिंह, सीईओ एवं एक्ज़िक्यूटिव डायरेक्टर लक्षित अवला ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डा. महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष महेश चौहान व अभिषेक शर्मा, अंबर ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीजीत सिंह, के सर्किट के सीईओ रियांग हो चो मौजूद रहे।

