कीर्ति नगर में चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग का नेटवर्क, पुलिस ने पांच लोगों को दबोचा

News Desk
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। भारत-इंग्लैंड क्रिकेट मैच पर आनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले एक संगठित गिरोह का पता लगाते हुए पश्चिमी जिला पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि गिरोह के संचालन में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट की अहम भूमिका थी, जबकि कारोबार में घाटा झेल चुका उसका एक साथी भी नेटवर्क चलाने में सहयोग कर रहा था। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट का मास्टरमाइंड क्षेत्र का एक बड़ा कारोबारी है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जतिन टंडन (34), योगेश गोयल (30), अनमोल (33), शिखर अग्रवाल (38) और मोहित ढींगरा (41) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, योगेश गोयल पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है और रैकेट के संचालन में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है।

वहीं, अनमोल पहले पारिवारिक गारमेंट्स कारोबार से जुड़ा था, लेकिन कारोबार में घाटा होने के बाद वह इस अवैध गतिविधि से जुड़ गया। शिखर अग्रवाल और मोहित ढींगरा भी नेटवर्क के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

आरोपियों ने डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश की

उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 16 जुलाई को सूचना मिली थी कि कीर्ति नगर के एन-ब्लाक स्थित एक मकान से भारत-इंग्लैंड क्रिकेट मैच पर आनलाइन सट्टेबाजी कराई जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी पंजाबी बाग जय प्रकाश के निर्देशन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महाबीर सिंह व इंस्पेक्टर मनीष कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर पांच लोग आनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी करते मिले।

पुलिस टीम को देखकर आरोपितों ने लैपटाप और मोबाइल फोन बंद कर डिजिटल साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत सभी को पकड़ लिया।

फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रानिक उपकरणों पर लाइव बेटिंग इंटरफेस संचालित मिला। मौके से 28 मोबाइल फोन, दो लैपटाप, दो आडियो रिकार्डर, एक हेडफोन, सट्टेबाजी के रिकार्ड और लेनदेन दर्ज तीन नोटबुक आदि सामान बरामद किए हैं।

इस संबंध में कीर्ति नगर थाना पुलिस ने दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 1955 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की फारेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a Comment