नोएडा में त्योहारों से पहले बड़ी कार्रवाई: दादरी पुलिस ने पकड़ी 4 लाख रुपये के अवैध पटाखों की खेप, 2 गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में कमिश्नरेट पुलिस त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की तस्करी के खिलाफ एक्शन में है। इसी कड़ी में गुरुवार को दादरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो पिकअप से अवैध पटाखों से भरे 20 कार्टून बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी नीरज मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए अवैध पटाखों की तस्करी की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनटीपीसी कट के नजदीक चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन में सवार शिवकुमार और रामकुमार के पास से विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे 20 कार्टून बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बोलेरो पिकअप और पटाखों को जब्त कर लिया।

आरोपियों की पहचान

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शिवकुमार (30) हाथरस के चमनपुरा गांव का निवासी है। वहीं, दूसरा आरोपी रामकुमार (19) बदायूं के टॉटपुर कर्सरी का रहने वाला बताया गया है। दोनों आरोपी वर्तमान में बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दादरी थाने में धारा 5/9B(1)ख विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अवैध पटाखे बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी में थे। अब जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पटाखों की खेप कहां से लाई गई थी और उसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनके बयानों के आधार पर अवैध पटाखों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment