नोएडा: कैब चालक पर महिला से अभद्रता और दुष्कर्म की धमकी देने का आरोप, मामला दर्ज

News Desk
2 Min Read

नोएडा। सेक्टर-100 की एक सोसायटी में रहने वाली युवती के साथ कैब चालक ने अभद्र व्यवहार करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक की गंदी हरकत के विरोध पर उसने कब्रिस्तान के सुनसान रास्ते पर जबरदस्ती उतारकर युवती को दुष्कर्म कर बदनाम करने की धमकी दी।

सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस को शिकायत दी कि 25 जून की शाम 5:30 बजे उसने हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए कैब बुक की थी। अमित कश्यप नाम का चालक कैब लेकर उसके पास पहुंचा। वह जैसे ही युवती को कुछ दूर लेकर चला और अचानक रास्ते में बिना बताए कैब रोक दी।

ड्राइवर की हरकत से सहम गई युवती

आरोपित चालक ने गलत रास्ते से कैब ले जाने का प्रयास किया। युवती ने इसका विरोध कर सही रास्ते से चलने को कहा तो आरोपित ने कैब नहीं रोकी और बहस शुरू कर दी। आरोप है कि चालक ने उसे सेक्टर-38 स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के पास कब्रिस्तान वाले रास्ते उतार दिया।

चालक की इस हरकत से वह सहम गई और सुनसान रोड पर डरते हुए दूसरी कैब बुक कर दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी ट्रेन स्टेशन से आगे जा चुकी थी। युवती के अनुसार, चालक ने रास्ते में उसे दो बार फोन कर अभद्र भाषा में बात की और दुष्कर्म कर इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी।

पीड़िता ने कैब कंपनी में शिकायत की, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं मिली। बाद में युवती ने सेक्टर-39 थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपित चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Share This Article
Leave a Comment