नोएडा: मुराद पूरी कराने के लिए पुरोहित से अनुष्ठान कराया। जब मुराद पूरी न हुई तो दोबारा पूजा कराने के बहाने उसे जौनपुर बुलाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद पूजा में खर्च हुए रुपये वापस लेने के लिए पीड़ित के परिवार से एक लाख रुपये की फिरौती मांग ली। रुपये नहीं देने पर पुरोहित को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपी शुक्रवार रात फिरौती लेने नोएडा पहुंचे। पुलिस ने सर्फाबाद के कच्चे रास्ते से दो लोगों को गिरफ्तार कर पीड़ित को मुक्त करा लिया। यह कार्रवाई नोएडा की सेक्टर 113 थाना पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपी जौनपुर निवासी आशीष यादव और प्रवेश यादव है।
- पूजा में खर्च हुए रुपये वसूलने के लिए मांगी एक लाख की फिरौती
- पीड़ित 5 सितंबर को पूजा करने जौनपुर गया, तब बनाया बंधक
- मुराद पूरी नहीं होने पर आरोपी ने अगवा कर पैसा वसूलने का बनाया प्लान
छोड़ने के बदले मांगे एक लाख रुपये
सर्फाबाद निवासी रोहित कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पूजा-पाठ करते हैं। वह 5 सितंबर को पूजा कराने जौनपुर गए थे। वहां कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और छोड़ने के बदले एक लाख रुपये मांगने लगे।
दोबारा जौनपुर बुलाकर बनाया बंधक
वहीं, आरोपी आशीष ने बताया कि एक महीने पहले उसने जौनपुर में पुरोहित को बुलाकर पूजा कराई थी। इसके बाद संकल्प लिया गया था कि उसका काम पूरा हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आरोपी ने पूजा पर खर्च हुए रुपये वापस लेने के लिए पुरोहित को दोबारा जौनपुर बुलाकर बंधक बना लिया।
