
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बिसरख कोतवाली पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने हाथी दांत की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर कब्जे से 1.45 किलो का हाथी दांत बरामद किया है। आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह के मुताबिक, सूचना के आधार पर गौर सिटी-2 स्थित न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास खाली प्लाट पर पुलिस व वन विभाग की टीम ने घेराबंद कर दो तस्करों को हाथी दांत के साथ धरा।
आरोपियों की हुई पहचान
वहीं, पूछताछ में आरोपितों की पहचान राजेंद्र निवासी ग्राम रिवाडा थाना जहांगीराबाद बुलंदशहर और संदीप निवासी खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई। वर्तमान में वह बस्ती जिले के ग्राम मुडियार रुधौली रहते थे।
पता किया जा रहा है कि आरोपित कहां से हाथी दांत की तस्करी कर के लाए थे। किसे सप्लाई करने जा रहे थे। गिरोह के अन्य सदस्यों व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
