शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 38 लाख रुपये की ठगी

News Desk
3 Min Read

नोएडा। नोएडा में शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने के लालच में फंसकर शहर के दो व्यक्तियों ने साइबर ठगों से लगभग 37 लाख रुपये गंवा दिए।

ठगों ने डब्बा ब्रोकर एप पर मुनाफे का ग्राफ दिखाकर पीड़ितों को विश्वास दिलाया, लेकिन जब रकम निकालने की बारी आयी तो संपर्क तोड़ दिया।

एक पीड़ित ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ठगों की पहचान और तलाश में जुटी है।

मुनाफा कमाने का झांसा दिया

नोएडा सेक्टर 24 के निवासी रवि प्रसाद सक्सेना एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। वह शेयर बाजार में रुचि रखते हैं। 24 मार्च 2025 को उन्हें टेलीग्राम पर अजीत खुराना नाम के ठग का संदेश मिला। बातचीत के दौरान अजीत ने घर बैठे मुनाफा कमाने का झांसा दिया। रवि ने एप पर पंजीकरण कराकर छोटे-छोटे निवेश किए। मुनाफा दिखाकर ठग ने उन्हें विश्वास दिलाया।

रवि ने 31 मार्च तक कुल 16 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने टैक्स के रूप में और पैसे जमा कराने को कहा। रकम नहीं देने पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। रवि ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाने में शिकायत की।

महिला ठग ने उन्हें संदेश भेजा

दूसरे पीड़ित उम्मेद सिंह सेवानिवृत्त बैंक कर्मी हैं। वह भी शेयर बाजार में रुचि रखते हैं। नौ जनवरी को युविका सान्याल नाम की महिला ठग ने उन्हें संदेश भेजा। उसने रुद्रा शेयर स्टाक ब्रोकर के रूप में खुद को पेश किया। निवेश पर 30 प्रतिशत लाभ का विश्वास दिलाया।

उम्मेद ने 19 जनवरी तक 15 बार में लगभग 21 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्हें एक भी पैसा नहीं मिला, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने भी एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाने में शिकायत की।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही ठगी का पर्दाफाश किया जाएगा।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राना ने बताया कि ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि अनजान व्यक्तियों के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।

Share This Article
Leave a Comment