नई दिल्ली। देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता बढ़ाने वाला एक बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) समर्थित पैन-इंडिया टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि उनका प्लान मुंबई में एक प्रमुख राजनेता की हत्या करने और उन युवाओं को निशाना बनाने का था जो मुस्लिम लड़कियों से शादी करते हैं। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
सौंपा गया था टारगेट किलिंग का जिम्मा
स्पेशल सेल के एसीपी राहुल विक्रम और इंस्पेक्टर विनयपाल की टीम ने मेवात से हथियार लाने वाले एक शख्स और सूफियान अबूबकर को गिरफ्तार किया। इनके पास से पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि सूफियान और आफ़ताब नासिर कुरैशी को मुंबई में राजनेता की टारगेट किलिंग का जिम्मा सौंपा गया था। दोनों दिल्ली से ट्रेन पकड़कर मुंबई जाने वाले थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
युवाओं को निशाना बनाने की साजिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश से पकड़ा गया आतंकी कामरान उन युवाओं की हत्या करने की योजना पर काम कर रहा था जो मुस्लिम लड़कियों से शादी करते हैं। गिरोह के सरगना दानिश ने इसके लिए तेलंगाना से हथियार भी खरीदे थे।
80 से ज्यादा युवाओं को गुमराह किया
जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान समर्थित इस मॉड्यूल ने अब तक देश के 80 से ज्यादा युवाओं को गुमराह कर अपने नेटवर्क से जोड़ा है। संगठन का मकसद लगातार अपनी क्षमता बढ़ाना और नए युवाओं को भर्ती करना था।
पुलिस करेगी काउंसलिंग
दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन भोले-भाले युवाओं को आतंकी संगठन गुमराह करके मॉड्यूल से जोड़ रहे थे, उनकी पहचान की जा रही है। स्पेशल सेल के डीसीपी अमित कौशिक ने कहा कि ऐसे युवाओं की काउंसलिंग कराकर उन्हें परिवार को सौंपा जाएगा, ताकि वे आतंक की राह पर न बढ़ें।

