गाजियाबाद। गाजियाबाद में विजयनगर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसे घूरने वाले आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी व्यक्ति द्वारा घूरते रहने से महिला भयभीत हो गई थी।
पुलिस का कहना है कि सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
29 जुलाई की रात की है घटना
पीड़िता 35 वर्षीय महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह 29 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे सोसायटी परिसर में पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उन्हें लगातार घूर रहा था। उसकी हरकत संदिग्ध लगी तो उन्होंने तुरंत सोसायटी के सुरक्षा गार्ड को इसकी जानकारी दी।
विजयनगर थाने में दी शिकायत
महिला का कहना है कि आरोपी का व्यवहार उन्हें असहज और भयभीत करने वाला था। इसके बाद उन्होंने विजयनगर थाने में शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 77 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

