नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2025 का 20वां संस्करण धूमधाम से आयोजित हुआ। इस प्रतिष्ठित दौड़ को केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने रवाना किया। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्य रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल अनिल चौहान और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राज्य के मंत्री आशीष सूद ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया और उनके उत्साह की सराहना की।
20 वर्षों की शानदार यात्रा, 40,000 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी
उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा कि वर्ष 2005 में शुरू हुई यह मैराथन अब 20 वर्षों का पड़ाव पार कर चुकी है और दिल्लीवासियों में इसका उत्साह साल दर साल बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया, “यह मेरा तीसरा अनुभव है और हर बार यहां का माहौल और ऊर्जा देखने लायक होती है।”
इस वर्ष की मैराथन में 40,000 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया, जिनमें 10,000 से अधिक महिलाएं भी शामिल रहीं — जो इस आयोजन की सामाजिक समावेशिता और जागरूकता को दर्शाता है।
‘फिट इंडिया’ अभियान को मिल रहा है जनसमर्थन
उपराज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘फिट इंडिया’ आंदोलन का एक प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज लोग स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर अधिक जागरूक हैं और ऐसे आयोजनों में भाग लेकर वे एक सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
