
गुरुग्राम- गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा की दो टीमों ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बंबीहा गैंग से जुड़े दो वांछित शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शनिवार रात करीब 11 बजे गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड क्षेत्र में की गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सेक्टर-10 के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुप्त सूचना पर चली कार्रवाई, मौके पर हुई फायरिंग
सेक्टर-39 अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक, जो पंजाब में हत्या के मामलों में वांछित हैं, बाइक से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने गुरुग्राम आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की संयुक्त पुलिस टीमों ने क्षेत्र में घेराबंदी की।
उमरीपुर गांव रोड के पास संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। कुछ ही दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे और दोबारा पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल, घटनास्थल से हथियार बरामद
पुलिस की ओर से आत्मसमर्पण के निर्देश के बावजूद फायरिंग जारी रही। इस दौरान एक गोली पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। मजबूरन पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही काबू में आ गए।
पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और 11 खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं। इनमें सात फायरिंग शूटरों की ओर से और चार पुलिस द्वारा की गई फायरिंग के थे।
अमृतसर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड उजागर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित शर्मा (21), निवासी मिलाप कॉलोनी, अमृतसर और सुखमनजीत सिंह (19), निवासी साहदोवाल, अमृतसर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पंजाब में हत्या और अन्य संगीन मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सुमित शर्मा अगस्त 2025 में अमृतसर में हत्या के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं।
सुखमनजीत पर वर्ष 2022 में अमृतसर के महतो गांव में हत्या का मामला दर्ज है और वह भी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
सेक्टर-65 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर जानलेवा हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दोनों गुरुग्राम में किन लोगों के संपर्क में थे और क्या उनकी योजना किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की थी।
