ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बकरा चोरों के बीच मुठभेड़: जवाबी कार्रवाई में शातिर बदमाश घायल, एक फरार

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। थाना जारचा पुलिस और बकरा चोरी करने वाले शातिर बदमाशों के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। प्यावली डैम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया है। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के रोकने पर बाइक भगाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2026 को जारचा थाना पुलिस प्यावली डैम के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।

पीछा करने पर खुद को घिरता देख एक बदमाश बाइक से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें बदमाश घायल हो गया।

आरोपी के पास से मिला जिंदा कारतूस

घायल की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम जगन्नाथपुर, थाना गुन्नौर, जनपद संभल, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त 7560 रुपये बरामद हुए हैं।

संगठित गैंग बनाकर करता था चोरी

पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी का संगठित गैंग चलाता है। गैंग के सदस्य दिन में मोटरसाइकिल से घूमकर उन स्थानों को चिन्हित करते थे जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे होते थे।

फिर रात में चार पहिया वाहन से पहुंचकर बकरों को चोरी कर दिल्ली में बेच देते थे और पैसे आपस में बांट लेते थे। गैंग ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल और दिल्ली-एनसीआर में कई वारदातें की हैं।

आरोपी के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर 15 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बुलंदशहर, बदायूं, कासगंज, संभल और गौतमबुद्धनगर के जारचा थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं।

जारचा में उसके खिलाफ धारा 303(2) और 305(1) बीएनएस में भी केस दर्ज है। पुलिस फरार साथी की तलाश और गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Share This Article
Leave a Comment