
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट के गबन का मामला लगातार गरमाया हुआ है। सेक्टर पाई वन स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में हुए करोड़ों के फर्जीवाड़े में कई नए खुलासे हो रहे हैं। बैंक की ओर की गई जांच में प्रेमी-प्रेमिका की भूमिका सामने आ रही है। बैंक की महिलाकर्मी दीपांशी के अपने प्रेमी आशुतोष पाठक के साथ मिलकर घोटाले की साजिश रचने का आरोप। आरोपों के अनुसार, दोनों ने मिलकर खाताधारकों के करोड़ों रुपये का गबन किए। इस प्रकार के विवाद के बाद किसान नेता बृजेश भाटी ने सोमवार को ऐच्छर पीआई-1 में बैंक के सामने पंचायत करने की घोषणा की है।
किसान नेता ने क्या कहा?
किसान नेता बृजेश भाटी ने बताया कि इस पंचायत में जिले के किसान, सामाजिक संगठन और बैंक के प्रभावित ग्राहक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ खाताधारकों को अब तक राशि वापस मिल चुकी है, लेकिन बाकी लोगों को अपने पैसों की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। त्योहारों के दौर में बिना पैसे के लोगों की समस्या बढ़ रही है।
किसान नेता ने मांग की कि गबन में संलिप्त सभी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और केवल छोटे स्तर के कर्मचारियों को ही दोषी न बनाया जाए। पुलिस के अनुसार, अब तक 16 लोगों की राशि लौटाई जा चुकी है और मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
बैंक प्रबंधन ने दिया आश्वासन
बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि सभी के पैसे ब्याज सहित लौटाए जाएंगे और उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वहीं, गबन मामले में प्रेमी-प्रेमिका के खुलासे के बाद माहौल गरमा गया है। सीबीआई की टीम मुख्य आरोपी दीपांशी और उसके प्रेमी आशुतोष की तलाश में जुट गई है। माना जा रहा है कि दोनों के पकड़े जाने पर इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा होगा। पीएनबी के अधिकारियों का दावा है कि ऑफिस असिस्टेंट दीपांशी ने इस पूरे फर्जीवाड़े की साजिश रची।
पीएनबी अधिकारियों के अनुसार, दीपांशी ने शाखा के छह अधिकारियों की सीबीएस (कोर बैंकिंग सिस्टम) यूजर आईडी का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया। इसके बाद दीपांशी ने अपने प्रेमी आशुतोष पाठक को लाभ दिलाने की नीयत से उसका बैंक में पहले खाता खुलवाया। इसके बाद खातेदारकों की एफडी की रकम उसके खाते में ट्रांसफर की।
