ड्यूटी में लापरवाही पर नोएडा पुलिस का एक्शन, चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

News Desk
2 Min Read

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में चार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट की ओर से यह एक्शन हुआ है। चारों अधिकारियें पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगा था। इस मामले में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने कार्रवाई की है। डीसीपी ने गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी रोहित कुमार, हेड कॉन्स्टेबल सुनील यादव, एसआई गौरव और उपनिरीक्षक अनिल कुमार शामिल हैं।

क्यों हुआ एक्शन?

डीसीपी की ओर से चार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान लापरवाही का आरोप लगा था। दरअसल, पिछले दिनों जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान चारों को शहर की सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। ड्यूटी के दौरान उनकी कार्यशैली और जिम्मेदारियों के पालन में लापरवाही सामने आई। इस मामले पर सीनियर अफसरों का भी ध्यान गया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा को जांच सौंपी गई। जांच के बाद डीसीपी ने चारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

पहले भी आया था मामला

मामले में सामने आया है कि चारों पुलिस अधिकारियों पर पहले भी काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप लगे थे। इस कारण उन्हें सीनियर अधिकारियों की निगरानी में रखा गया। सस्पेंड पुलिसकर्मियों में कुछ के एसओजी में रहने की भी बात सामने आई है। कई अहम मामलों की निगरानी कर चुके थे। चारों पर कार्रवाई के मामले में अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश हैं। आदेशों की अनदेखी या लापरवाही के मामले सामने आने पर इसी प्रकार सख्त एक्शन का सामना करना पड़ेगा। निलंबित चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment