बाहरी दिल्ली। अशोक विहार फेज-1 में बुधवार को दिन-दहाड़े बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कारोबारी के घर में चार बदमाश डिलीवरी ब्वॉय बनकर दाखिल हुए और घर में अकेली महिला को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया।
इतना ही नहीं महिला के हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप चिपका दिया गया। इसके बाद करीब 10 से 15 मिनट तक बदमाश घर में बेखौफ घूमते रहे और करीब 75 लाख रुपये नकद व जेवरात समेटकर दो बाइक से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने लूट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर महिला को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार वारदात अशोक विहार के ई-ब्लॉक स्थित मकान नंबर 106 में चौथे तल पर हुई। कारोबारी मनोज कुमार वजीरपुर में फैक्ट्री चलाते हैं। वह रोजाना की तरह सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकल गए थे।
करीब 11:30 बजे उनकी दोनों बेटियां भी चावड़ी बाजार स्थित दुकान के लिए चली गईं। घर में उनकी पत्नी मीरा अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक दरवाजे पर पहुंचे। एक ने खुद को डिलीवरी ब्वॉय बताया।
महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला, दोनों जबरन अंदर घुस गए। बदमाशों ने चाकू दिखाकर महिला को काबू में कर लिया। आरोप है कि उन्होंने महिला के ही दुपट्टे से हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दी।
महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले दो अन्य बदमाश भी घर में पहुंच गए। चारों ने चाकू दिखाकर महिला को धमकाया और घर में रखी नकदी व जेवरात के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।
स्वजन के अनुसार, बदमाश करीब 75 लाख रुपये नकद और जेवरात लेकर फरार हुए हैं। जाते-जाते बदमाशों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने शोर मचाया या किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस घटना में पीड़ित मीरा मामूली रूप से जख्मी भी हुई और उनका उपचार कराया गया।
रेकी के बाद वारदात का शक
पूरी वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे पुलिस को बदमाशों द्वारा पहले से रेकी किए जाने का शक है। पीड़ित मनोज के भाई अनिल कुमार मिंटू का कहना है कि आरोपितों को घर के सदस्यों की दिनचर्या की जानकारी थी।
उन्हें पता था कि कारोबारी उनका भाई और उनकी दोनों भतीजी किस समय घर से निकलते हैं। उनके अनुसार भाभी भी साढ़े 11 बजे के आसपास फैक्ट्री चली जाती है और जैसे ही वह निकलने वाली थी उसी समय बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल उनके भतीजे की मौत हो गई थी। उसके बारे में बदमाशों ने कहा कि उसे इस घटना के बारे में पता है। इससे पता चलता है कि किसी परिचित की मुखबरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात से पहले संदिग्धों ने इलाके में घूमकर जानकारी जुटाई थी। बताया गया है कि बदमाशों ने पड़ोस के एक गार्ड से पानी भी मांगा था। पीड़ित का वजीरपुर में लोहे का पार्ट्स बनाने की फैक्टरी है।
दो बाइक से भागे बदमाश, कैमरों में गतिविधियां कैद
लूटपाट के बाद चारों बदमाश दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में बदमाशों की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।
इलाके में दहशत, पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद अशोक विहार इलाके में दहशत का माहौल है। स्वजन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद पीसीआर के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही अशोक विहार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीमों को लगाया है और बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
