नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने शनिवार को महिलाओं के लिए अपनी सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित ‘दिल्ली लक्ष्मी महिला योजना’ का ऑनलाइन पोर्टल आधिकारिक तौर पर लाइव कर दिया है. पोर्टल शुरू होते ही पूरी राजधानी के विभिन्न इलाकों में महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया और पहले ही दिन पंजीकरण कराने के लिए केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
इस योजना के जरिए दिल्ली की करीब 17 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद देने का लक्ष्य रखा गया है. रक्षाबंधन से ठीक पहले शुरू हुई इस योजना को महिलाओं ने सरकार की तरफ से एक बड़ा तोहफा बताया है. सुबह 6:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक, यानी पोर्टल लाइव होने के शुरुआती 12 घंटों में ही रिकॉर्ड तोड़ रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए.
12 घंटों की कुल स्थिति इस प्रकार रही
- 33,730 से ज्यादा कुल रजिस्ट्रेशन: महज आधा दिन बीतते-बीतते 33,730 महिलाओं ने पोर्टल पर अपना नया अकाउंट बनाकर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी.
- 1,940 फाइनल सबमिशन: लगभग दो हजार महिलाओं ने अपने सभी जरूरी दस्तावेज (जैसे आधार, वोटर आईडी और बैंक डिटेल्स) अपलोड करके आवेदन फॉर्म को सफलतापूर्वक पूरी तरह सबमिट कर दिया है.
- 9,170 आवेदन विधायक (MLA) सिफारिश के लिए लंबित: योजना के नियमों के तहत वेरिफिकेशन प्रक्रिया के हिस्से के रूप में 9 हजार से अधिक आवेदन वर्तमान में संबंधित क्षेत्र के विधायकों की अनुशंसा के लिए पेंडिंग स्टेज पर पहुंच चुके हैं.
हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपए, रक्षाबंधन पर आएगी पहली किस्त
इस योजना के तहत दिल्ली की हर पात्र गरीब और मध्यमवर्गीय महिला को हर महीने 2,500 रुपए की वित्तीय सहायता मिलेगी. सरकार का पूरा प्रयास है कि पहले दिन जितने भी आवेदन आ रहे हैं, उनकी स्क्रूटनी (जांच) तेजी से पूरी कर ली जाए ताकि रक्षाबंधन के पावन पर्व तक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त ट्रांसफर की जा सके. इस योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष की उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी पारिवारिक सालाना आय 2.5 लाख रुपए से कम है.
रक्षाबंधन से पहले सरकार की बड़ी सौगात
कई महिलाओं ने इसे रक्षाबंधन से पहले सरकार की बड़ी सौगात बताया. रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचीं कमलेश ने कहा, ”आज हमारे लिए दिवाली जैसा दिन है. हम सभी बहनें बहुत उम्मीद लेकर आई हैं. मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है. यह रक्षाबंधन का सबसे बड़ा तोहफा है.” वहीं, सलमा सैनी ने कहा, ”खुशी तो है, लेकिन जब पैसे खाते में आएंगे तभी पता चलेगा कि योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं. दो दिन से रजिस्ट्रेशन के लिए आना-जाना कर रहे हैं. आधार कार्ड और दूसरे दस्तावेज जमा किए हैं.”
आवेदन के लिए दिल्ली का वोटर आईडी जरूरी
महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी रेखा जोशी ने बताया कि योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं. उन्होंने बताया कि आवेदक के पास दिल्ली का मतदाता पहचान पत्र होना अनिवार्य है और परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये तक होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी, पासपोर्ट आकार का फोटो, निवास संबंधी प्रमाण और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. अधिकारी के अनुसार, किराए के मकान में रहने वाली महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं, बशर्ते वे निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करती हों.फिलहाल योजना का पोर्टल शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर रही हैं. अब पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने की प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी.
