ग्रेटर नोएडा। गंगा व यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने को प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने जमीन खरीद का 92 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।
आठ प्रतिशत जमीन अभी और क्रय होनी है। अधिकारियों का दावा है कि सितंबर में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी के नजदीक इंटरचेंज बनाकर गंगा लिंक एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा। लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण यीडा क्षेत्र से शुरू हाेकर बुलंदशहर जिले में जाएगा।
74.5किमी लंबे लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना की कुल लागत 8,586 करोड़ है। प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में इसके लिए 250 करोड़ का अतिरिक्त प्रविधान भी किया था। यीडा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे की लंबाई तकरीबन 20 किमी है।
6 लेन की सड़क की कुल चौड़ाई 80 मीटर होगी। इसके दोनों ओर सर्विस रोड भी होंगी। यीडा अधिसूचित क्षेत्र मेंं लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन क्रय की जिम्मेदारी यीडा को दी गई थी, इसके लिए यीडा को 1209 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे।
यीडा एसीईओ राजेश कुमार सिंह का कहना है कि 92 प्रतिशत जमीन क्रय का काम पूरा हो चुका है। शेष जमीन क्रय का काम भी जल्द पूरा हो जाएगा।
मुआवजा दर की वृद्धि का असर
यीडा ने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिकतर जमीन 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से क्रय की है, लेकिन इसी बीच प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र के लिए मुआवजा दरों में वृद्धि कर दी है।
इसका असर पर जमीन क्रय की गति पर पड़ना तय है। जब तक प्राधिकरण नई दरों को लागू करने का कार्यालय आदेश जारी नहीं करेगा, जमीन का बैनामा प्रक्रिया भी रुकी रहेगी।
