अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, ग्रेटर नोएडा में महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडाः ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसायटी में सुरक्षा गार्डों से बहस के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाली महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने शुक्रवार को बिसरख थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप

सुधीर भाटी ने बताया कि 25 अगस्त की रात सोसायटी के गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ एक महिला बहस और गाली-गलौज कर रही थी। इसी दौरान उसने अखिलेश यादव के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है।

महिला ने सोसायटी में किया था हंगामा

बता दें कि सोसायटी की महिला ने ऑनलाइन कुछ सामान मंगाया था। डिलीवरी बॉय जब सामान लेकर सोसायटी पहुंचा तो गार्डों ने उसकी पहचान की जांच के लिए उसे रोक लिया। बताया जा रहा कि इसी बात से नाराज होकर महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

गार्डों को जातिसूचक शब्द कहने का आरोप

सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि हंगामे के दौरान महिला ने उन्हें अपमानजनक और जातिसूचक शब्द कहे। इसके साथ ही गार्डों ने महिला पर एक गार्ड को थप्पड़ मारने और कुर्सी पर बैठे दूसरे गार्ड को लात मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। महिला पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर कथित अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है।

Share This Article
Leave a Comment