साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की राजेंद्रनगर कॉलोनी में टप्पेबाजों ने सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर हरियाणा के एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये ठग लिए।
आरोपितों ने इंटरनेट मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर फर्जी विज्ञापन देकर पीड़ित को फंसाया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस टप्पेबाजों के फरार तीन साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेट फार्म पर बाजार रेट से सस्ता सोना दिलाने का विज्ञापन दिया था। विज्ञापन देखकर हरियाणा चक्करपुर निवासी तपश दास टप्पेबाजों के झांसे में आ गए।
विज्ञापन देखकर खरीदा सोना
पीड़ित के अनुसार विज्ञापन देखकर उन्होंने सोना खरीदने की जानकारी की थी। जिसके बाद एक अप्रैल को व्हाट्सएप पर नितेश बंसल नामक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने 100 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 11 लाख रुपये बताई थी।
युवक ने सोने की जांच करने के लिए उन्हें साहिबाबाद बुलाया। जहां सोने की ईंट दिखाकर बाजार में जांच कराने का आश्वासन दिया। टप्पे बाजों के जाल में फंसकर तीन जुलाई को वह रुपये लेकर साहिबाबाद पहुंचे।
आरोपितों ने उन्हें राजेंद्र नगर गोल चक्कर के पास बुला लिया। वहां विजय उर्फ राजू नामक व्यक्ति उनके पास पहुंचा। युवक ने उनकी कार में बैठकर 11 लाख रुपये गिने। रुपये गिनने के बाद वह सोने लाने की बात कहकर कार से उतर गया।
इस दौरान बातों-बातों में आरोपित ने नोटों को नकली नोट से बदल दिया। वह वहां उसके आने का इंतजार करते रहे लेकिन वह नहीं आया। जिसके बाद उन्होंने ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
बातों-बातों में दिए मनोरंजन बैंक के नोट
एसीपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर सीसीटीवी, सर्विलांस आदि की मदद से टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के प्रयास किए। शनिवार सुबह बुलंदशहर डिवाई सराय बेरुनी निवासी सुशील कुमार और दिल्ली कालिंदी कुंज जैतपुर एक्सेंशन पार्ट-दो निवासी आदर्श को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने तपश दास से लिए रुपये से टप्पेबाजी कर 11 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की। वह बातों-बातों में उन्हें भारतीय मनोरंजन बैंक लिखे नकली नोट दे दिए थे।
गिरोह के तीन सदस्य नितेश बंसल, विजय उर्फ राजू, आदित्य दुबे पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

