लोनी। बार्डर थाना क्षेत्र में बाइक का हार्न बजाने पर गोली मारकर युवक की हत्या के मामले में शनिवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर और सपा कार्यकर्ताओं ने पीड़ित स्वजन से मिलकर ढांढस बंधाया।
बता दें कि रतिराम कालोनी में 12 जुलाई की देर रात बाइक पर घर लौट रहे 25 वर्षीय विपिन की पड़ोस में रहने वाले बदमाश सोनू ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। विपिन की हत्या महज बाइक का हार्न बजाकर रास्ता मांगने पर हुई थी।
घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपित फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने मुकदमे में नामजद उसके पिता व पत्नी को गिरफ्तार किया था। वहीं, हत्यारोपित की गिरफ्तारी न होने से स्वजन में रोष है।
विधायक ने दिलाया हर मदद का आश्वासन
मृतक के भाई आजाद ने बताया कि शनिवार को समाज के लोग व सपा कार्यकर्ताओं ने घर पहुंचकर और स्वजन को ढांढस जताया। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मृतक के स्वजन से मिलकर हत्यारोपित की जल्द गिरफ्तारी व सरकार द्वारा हर संभव सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
सपा कार्यकर्ता व पूर्व राज्यमंत्री रमेश प्रजापति ने स्वजन को बताया कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद कराई जाएगी। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि हत्यारोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
दो दिन पूर्व हत्यारोपित ने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण की याचिका दाखिल की थी। जिसके चलते न्यायालय के आसपास पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

