दिनदहाड़े बहनोई ने की युवती की गला काटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

शाहजहांपुर। हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना सदर बाजार क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े मोहल्ला लाला तेली बजरिया निवासी निकिता उर्फ कोमल (23) को उसके बहनोई अंशुल ने चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। वह निकिता से अपने भाई की शादी कराना चाहता था, लेकिन निकिता विरोध कर रही थी। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी अंशुल को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक निकिता की मां सब्जी लेने गई हुई थी। सुबह करीब साढ़े 11 बजे कोमल घर में अकेली थी। इसी बीच बहनोई अंशुल शर्मा घर में आया और कोमल के गले पर चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस पहुंच गई। मौके पर पहुंचे एसपी राजेश एस. ने बताया कि थाना सदर बाजार क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती की हत्या हुई है। युवती की सगी बहन के पति ने वारदात को अंजाम दिया है। घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया गया है। सूचना मिलते ही दो टीमें गठित कर आरोपी को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसके मुताबिक आरोपी अंशुल घर आया और निकिता से बोला तू मेरे भाई से शादी नहीं करेगी तो आज तेरा काम तमाम कर देता हूं। उसने चाकू से बेटी पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। चीख-पुकार सुनकर वह बेटी को बचाने के लिए दौड़ी तो आरोपी उनपर भी हमलावर हो गया। वह उससे बचकर भागी और मदद के लिए चीखने चिल्लाने लगी। इसी बीच आरोपी भाग गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

Share This Article
Leave a Comment