नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क उजागर, महिला समेत 7 गिरफ्तार

News Desk
3 Min Read

नोएडा। फैक्ट्री वर्कर समेत बेरोजगारों के कागजातों पर फर्जी फर्म के नाम पर म्यूल बैंक खाते खोलकर कमीशन पर साइबर ठगों को देने वाले और एपीके फाइल भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का फेज तीन थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया।

गढ़ी चौखंडी के एक होटल से महिला समेत सात शातिरों को गिरफ्तार किया। इनसे सात मोबाइल, एक चेकबुक, चार लेटरहेड और एक मोहर बरामद हुई। गिरोह के पांच बैंक खातों के खिलाफ देशभर से 74 शिकायते दर्ज हैं। इनमें 33 करोड़ रुपये की रकम खपाई। साइबर व्रज के तहत इन्हीं के इनपुट पर आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े। इन खातों में डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्राड और एपीके फाइल भेजकर होने वाली ठगी की रकम को खपाते।

पुलिस म्यूल खाता लेने वाले और एपीके फाइल उपलब्ध कराने वाले सरगना राधे नाम के ठग की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपित बीसीए, डीफार्मा, बीए-बीएससी और इंटरमीडिएट तक पढ़े हैं।

आरोपियों की हुई पहचान

सेंट्रल नोएडा एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान लखनऊ केठी कोरीखेरा मूसाखैया के अजब सिंह, दिल्ली रानीबाग के प्रदीप, मप्र विदिशा के ऊघर कोठेरा गांव के गुलाब सिंह लोधी, फर्रूखाबाद हसन बाग गांव के कौशल व सचिन, कन्नौज के गोरखपुर गांव के जिनेंद्र सिंह और आगरा नगला बुला गांव की प्रियंका के रूप में हुई।

भेजते थे एपीके फाइल

पूछताछ में पता चला है कि सभी साइबर ठगी करने वाले गिरोह का हिस्सा हैं। इंटरनेट मीडिया से बेरोजगार और जरूरतमंद लोगाें के संपर्क में आते। उनको बैंक खाता खुलवाने के नाम पर एकमुश्त रकम देते। उनके बैंक खातों की कंट्रोल आगे कमीशन पर साइबर ठगों को देते। इनमें साइबर ठग डिजिटल अरेस्ट व इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की रकम खपाते। गिरोह खुद भी एपीके फाइल भेजकर फंसे लोगों से रकम मंगाते। साथ ही इन बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर की सिम अपने पास रखते।

डिंग एसएमएस नाम की एपीके फाइल का प्रयोग करते। एप से बैंक से आने वाले ओटीपी और मैसेज को भी ठगाें को उपलब्ध कराते। साइबर ठग आसानी से खातों से रकम निकाल लेते। कुछ समय बाद खाते बंद कर दिए जाते। रकम को आपस में बांटा जाता।

बैंक खाते व मोबाइल की जांच शुरू

थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि आरोपितों के बैंक खातों, मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही।

Share This Article
Leave a Comment