हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी माइंस की मौत: पिता कत्ल का लगा रहे आरोप, पुलिस बता रही खुदकुशी; मिले ऐसे वीडियो

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हापुड़ निवासी युवक का पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला था। मृतक के पिता ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश रच कर हत्या करना बताते हुए पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप है कि बेटे को अगवा कर जैतपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर पेड़ से फंदे पर लटका हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। बताया कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बेटे की एक युवती से दोस्ती हुई थी। इसको लेकर युवती के स्वजन ने कई बार धमकी दी थी।

हापुड़ निवासी रामेश्वर ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बेटे माइंस (18) की इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर युवती के स्वजन लगातार धमकियां देने लगे। 10 जुलाई को कुछ लोग उनके घर पहुंचे और बेटे को युवती से दूर रहने की चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद भी आरोपित लगातार घर के आसपास आकर धमकाते रहे।

मां अंजलि को जैतपुर स्थित मिग्सन सोसायटी छोड़ने गया

22 जुलाई की सुबह बेटा अपनी मां अंजलि को जैतपुर स्थित मिग्सन सोसायटी छोड़ने गया था, जहां वह घरेलू काम करती हैं। आरोप है कि उसी दौरान कुछ लोग बाइक से बेटे का पीछा करते हुए शौलाना से जैतपुर तक पहुंचे। रास्ते में कई बार बाइक को ओवरटेक किया।

दोपहर में युवक ने घबराई हुई आवाज में उनके पास फोन कर जैतपुर बुलाया, इसके बाद काल कट गई। फिर कई घंटे उसका मोबाइल बंद मिला। वह लगातार बेटे की तलाश कर रहे थे। इसी बीच शाम करीब पांच बजे सूरजपुर पुलिस चौकी से सूचना मिली कि जैतपुर स्थित झिड़ी मंदिर के पास ग्रीन बेल्ट में पेड़ पर बेटे का शव फंदे से लटका मिला है। वह मौके पर पहुंचे तो पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई कर रही थी।

हापुड़ निवासी पांच लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया

पीड़ित पिता ने हापुड़ निवासी पांच लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। दावा है कि आरोपितों में एक व्यक्ति पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। बताया कि घटना के अगले दिन ही सूरजपुर कोतवाली में लिखित शिकायत के साथ शौलाना से बोड़ा गांव तक के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता ने कहा कि युवक ने आत्महत्या की है। स्वजन द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

Share This Article
Leave a Comment