नोएडा। नोएडा के सेक्टर-47 में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पिछले दो दिनों से घरों में गंदे और मटमैले पानी की सप्लाई होने से लोग परेशान हैं।
शुक्रवार सुबह भी बड़ी संख्या में निवासियों ने नलों से गंदा पानी आने की शिकायत की। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि नियमित जलापूर्ति के बावजूद उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है।
अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी में गंदगी होने के कारण पीने, खाना बनाने और बच्चों व बुजुर्गों के इस्तेमाल के लिए भी यह सुरक्षित नहीं है। कई परिवारों ने मजबूरी में आरओ बंद कर दिए हैं और बाजार से पानी मंगवाना शुरू कर दिया है। इससे हर दिन अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
निवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग को लगातार शिकायतें भेजी जा रही हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। शुक्रवार सुबह भी लोगों ने अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी की सप्लाई से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने जल विभाग से पाइपलाइन और जलाशय की तत्काल जांच कराने, फ्लशिंग कराने और पानी के नमूनों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से प्राधिकरण के समक्ष विरोध दर्ज कराएंगे। फिलहाल सेक्टर-47 के लोगों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पानी का बिल समय पर देना पड़ता है, तो शुद्ध पेयजल आखिर कब मिलेगा?

