नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिले में सक्रिय एक ड्रग सिंडिकेट और एक अंतर-राज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
अलग-अलग अभियानों में कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें साइकोट्रोपिक दवाओं के अवैध व्यापार के लिए चार भाई-बहनों को गिरफ्तार किया गया है।
पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, नशीले पदार्थ, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जहांगीरपुरी में फैला रखा था नेटवर्क
दिल्ली के ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की मदद से उत्तर-पश्चिम जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने जहांगीरपुरी में सक्रिय साइकोट्रोपिक दवाओं के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। इस मामले में चार भाई-बहनों को गिरफ्तार किया गया।
रातभर चले ऑपरेशन के दौरान कई ठिकानों पर छापेमारी कर 1,300 प्रतिबंधित एडनॉक-एन टैबलेट (ब्यूप्रेनोर्फिन 2 एमजी और नालोक्सोन 0.5 एमजी) बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 268 ग्राम और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य करीब 7 लाख रुपये बताया गया है।
इसके अलावा 735 एविल इंजेक्शन, 2,532 सुई और सिरिंज, 22.02 लाख रुपये नकद, 241 ग्राम सोने के आभूषण (करीब 35 लाख रुपये मूल्य) तथा 2.4 किलोग्राम चांदी के आभूषण (करीब 6.2 लाख रुपये मूल्य) जब्त किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने 11 फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं। प्रत्येक फ्लैट की अनुमानित कीमत 12 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इन संपत्तियों के स्रोत और ड्रग्स कारोबार से उनके संबंध की जांच कर रही है।
