गाजियाबाद में बनेगा स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर, 5 एकड़ जमीन की तलाश तेज

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर के लिए गाजियाबाद में करीब 5 एकड़ ग्राम समाज की जमीन तलाश की जा रही है।

जमीन की तलाश में यूपीसीडा और संबंधित विभागों की टीम ने मोदीनगर क्षेत्र का दौरा किया, लेकिन मानकों के अनुरूप जमीन नहीं मिल सकी। अब गाजियाबाद में दूसरे संभावित स्थानों पर मंथन शुरू हो गया है।

20 मीटर चौड़ा रास्ता भी जरूरी

प्रस्तावित सेंटर के लिए जमीन के साथ-साथ वहां तक कम से कम 20 मीटर चौड़े मार्ग की उपलब्धता भी अनिवार्य रखी गई है। केंद्र में खेल उपकरणों की गुणवत्ता और मानकों की जांच के साथ खिलाड़ियों के उपयोग में आने वाले स्पोर्ट्सवियर और जूतों की टेस्टिंग की सुविधा भी विकसित की जानी प्रस्तावित है।

14 सेक्टरों के उत्पादों की जांच पर नजर

कामनवेल्थ गेम्स-2030 और ओलिंपिक-2034 की तैयारियों के बीच देश में खेल उत्पादों की गुणवत्ता जांच को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। केंद्र के जरिए खेल क्षेत्र से जुड़े करीब 14 सेक्टर के उत्पादों की गुणवत्ता जांच को बढ़ावा मिलेगा।

क्रिकेट, फुटबाल, हाकी स्टिक समेत विभिन्न खेल उपकरणों की जांच के अलावा खिलाड़ियों को उपकरणों के सही उपयोग और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर खेल उत्पाद बनाने वाली इकाइयों को भी लाभ की उम्मीद है।

मोदीनगर के बाद अब दूसरे क्षेत्रों पर नजर

यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप सत्यार्थी ने बताया कि केंद्रीय टीम ने मोदीनगर क्षेत्र में जमीन देखी थी, लेकिन अभी उपयुक्त भूमि नहीं मिल सकी है। जमीन की तलाश जारी है और अन्य संभावित स्थानों पर भी मंथन किया जा रहा है। अंतिम निर्णय के बाद सेंटर की स्थापना के लिए स्थान तय किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment