साहिबाबाद। नवीन फल एवं सब्जी मंडी में अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई से नाराज सब्जी विक्रेता ने शुक्रवार को मंडी परिसर में जहरीला पदार्थ पी लिया।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की और तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मंडी समिति का दावा है कि दबाव बनाने के लिए इस तरह की षड्यंत्र किया जा रहा है।
मेहरुद्दीन पिछले काफी समय से अतिक्रमण हटाने के नाम पर की जा रही कार्रवाई से क्षुब्ध थे। उन्होंने बताया कि 20 सालों से ठेली विक्रेता अपना काम मंडी में कर रहे हैं।
पिछले कई दिनों से समिति के अधिकारी सब्जी और फल जब्त कर ठेली को हटवा देते हैं। इस कारण रोजगार में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने पहले भी मंडी अधिकारियों को इस तरह का कदम उठाने की चेतावनी दी थी।
शुक्रवार सुबह की है घटना
शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे मंडी परिसर में वह पहुंचे। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जहरीला पदार्थ पीने की कोशिश से पुलिस ने मेहरुद्दीन को रोकने की कोशिश की लेकिन थोड़ा पदार्थ उनके पेट में चला गया।
लिंक रोड थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत ने बताया कि मेहरुद्दीन को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं मंडी समिति के सचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि मंडी में ठेली लगने से जाम के हालात बने रहते हैं।
अवैध रूप से ठेली लगा रहे विक्रेताओं को नियमानुसार कार्रवाई कर हटवाया गया, जिससे मंडी में जाम की समस्या खत्म हो। सब्जी विक्रेता दबाव बनाने के लिए इस तरह का षड्यंत्र रच रहे हैं।

