साहिबाबाद। इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी फेज-1 में मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने का विरोध लोगों ने शुरू कर दिया है। टीम संकल्प ने इसका विरोध करते हुए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है।
उनकी ओर से पदाधिकारियों ने बताया कि बीते रविवार को सोसायटी के सेंट्रल पार्क में आयोजित बैठक के दौरान शुल्क में 75 फीसदी तक की वृद्धि का निर्णय लिया गया है। इससे पहले सोसायटी में 80 पैसे प्रति वर्ग फुट मेंटेनेंस था, जिसे बढ़ाकर एक रुपये 40 पैसे कर दिया गया है।
200 लोगों ने जमा किया मेंटेनेंस
इसके विरोध में अभियान शुरू किया गया है। एओए अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सोसायटी सालाना 50 लाख रुपये घाटे में चल रही है। पांच साल बाद मेंटेनेंस बढ़ा है।
एओए एक रुपये 25 पैसे बढ़ाना चाहती थी लेकिन खुद लोगों ने इसे एक रुपये 40 पैसे किया है ताकि सुविधाएं बढ़ सकें। करीब 200 लोगों ने अपना मेंटेनेंस जमा भी कर दिया है।
हर महीने एओए 30 लाख रुपये खर्च करता है जबकि आय 25 लाख रुपये है। सोसायटी के सभी लोगों ने आगे बढ़कर इस पर सहमति जताई है।
