एशिया कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव का बड़ा ऐलान, सेना को समर्पित की पूरी मैच फीस

Amit
4 Min Read

नई दिल्ली। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक भावुक फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि टूर्नामेंट के दौरान मिले सभी मैचों की फीस वे भारतीय सेना को दान करेंगे। यह फैसला उन्होंने आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा दिए गए चैलेंज के जवाब में लिया।

रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से शिकस्त दी। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, “हम सिर्फ ट्रॉफी के लिए नहीं खेलते, देश के सम्मान के लिए खेलते हैं। यह जीत देश की सेना को समर्पित है। मैं अपनी पूरी मैच फीस उन्हें दे रहा हूं।”

हालांकि, मैच के बाद हुए पुरस्कार वितरण समारोह में टीम इंडिया ने मेडल और ट्रॉफी ग्रहण नहीं की, जिससे दर्शकों में आश्चर्य और नाराजगी दोनों देखने को मिले।

राजनीति में भी गूंजी एशिया कप की गूंज

एशिया कप जीत पर आम आदमी पार्टी और भाजपा नेताओं के बीच भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। आप सांसद राघव चड्ढा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “चाहे क्रिकेट का मैदान हो या युद्ध का मोर्चा, भारत जानता है कि जीत कैसे हासिल करनी है। ऑपरेशन तिलक की फाइनल में धमाकेदार जीत!”

वहीं, भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस मौके पर आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया और सूर्यकुमार के कदम को ‘देशभक्ति का असली उदाहरण’ बताया।

भगत सिंह जयंती पर आम आदमी पार्टी का हमला, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रविवार को शहीद भगत सिंह की जयंती के मौके पर आप पार्टी ने दिल्ली मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज की सरकार भी अंग्रेजों की तरह काम कर रही है—जो भी आवाज उठाता है, उसे जेल भेज दिया जाता है।”

उन्होंने सोनम वांगचुक और आप विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। सौरभ ने कहा कि लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता वांगचुक ने देश के लिए जो तकनीकी नवाचार किए हैं, उनका लाभ सेना और आम नागरिक दोनों को मिल रहा है, और ऐसे व्यक्ति को जेल में डालना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।

सौरभ भारद्वाज ने यह भी कहा कि, “देशभर में आंदोलन तेज हो रहे हैं, और सरकार डर के कारण पुलिस बल का दुरुपयोग कर रही है। लेकिन जनता अगर जेल जाने से न डरे, तो किसी भी सत्ता को टिके रहना मुश्किल हो जाएगा।”

इंकलाब जिंदाबाद” की गूंज आज भी कायम

इस कार्यक्रम में आप नेता जितेंद्र सिंह शंटी ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने जो चेतना जगाई थी, वह आज भी युवाओं और आंदोलनों में जीवित है। उन्होंने कहा, “भगत सिंह ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के जरिए बताया कि आज़ादी सिर्फ अंग्रेजों से नहीं, बल्कि हर तरह की गुलामी से होनी चाहिए—चाहे वह सत्ता की हो या डर की।”

Share This Article
Leave a Comment